सारंगपुर। शासकीय कन्या शाला के निरीक्षण में स्कूल की व्यवस्थाओं से जुड़ी कई गंभीर समस्याएं सामने आई हैं। एक ओर छात्राओं को शासन की ओर से मिलने वाली यूनिफॉर्म और छात्रवृत्ति की राशि अब तक नहीं मिली है, वहीं दूसरी ओर स्कूल के जर्जर भवन में सांप, बिच्छू, गोह और आवारा कुत्तों की मौजूदगी से छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं के खातों में अभी तक यूनिफॉर्म की राशि जमा नहीं हुई है। इसके साथ ही छात्रवृत्ति की राशि भी विद्यार्थियों को नहीं मिली है। इसके चलते आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कई छात्राएं बिना यूनिफॉर्म के स्कूल आने को मजबूर हैं।
सबसे चिंताजनक स्थिति स्कूल परिसर के पुराने और जर्जर भवन की है। छात्राओं ने बताया कि इस हिस्से में अक्सर सांप, बिच्छू, गोह और आवारा कुत्ते दिखाई देते हैं। कई बार इन जीवों से छात्राओं को खतरा भी हुआ है। स्कूल की शिक्षिकाएं और स्टाफ सतर्कता बरतते हुए छात्राओं की सुरक्षा का ध्यान रखते हैं।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार जर्जर भवन और परिसर में जहरीले जीवों की समस्या को लेकर संबंधित विभाग को कई बार लिखित शिकायतें और ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
हालांकि निरीक्षण के दौरान मध्याह्न भोजन व्यवस्था को लेकर सकारात्मक पहलू भी सामने आया। भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए शिक्षक और स्टाफ पहले स्वयं भोजन चखते हैं, इसके बाद छात्राओं को भोजन परोसा जाता है। खास बात यह है कि स्टाफ भी वही भोजन करता है, जो बच्चों को दिया जाता है।
वहीं, स्कूल के शैक्षणिक परिणाम को लेकर प्रधानाध्यापक और शिक्षकों ने बताया कि यहां बीए, एमए और प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक पदस्थ हैं। स्कूल का परीक्षा परिणाम पिछले वर्षों में 95 से 98 प्रतिशत तक रहा है।
शिक्षिकाओं ने अभिभावकों की भागीदारी को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि कई सरकारी स्कूलों के अभिभावक बच्चों के होमवर्क और पढ़ाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं देते तथा पालक बैठकों में भी शामिल नहीं होते। इसके विपरीत निजी स्कूलों में अभिभावक बच्चों की पढ़ाई को लेकर अधिक सक्रिय रहते हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ी जर्जर भवन की समस्या और यूनिफॉर्म व छात्रवृत्ति की लंबित राशि पर शिक्षा विभाग कब ध्यान देगा।