नीमच/जावद। जिले की जावद तहसील के ग्राम नई बावल में जमीन पर कथित अवैध कब्जा करने, पत्थर डालकर रास्ता रोकने, जातिगत अपशब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गांव की निवासी कमला बाई पति स्वर्गीय किशनलाल भील ने पुलिस अधीक्षक नीमच को लिखित आवेदन सौंपकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, कमला बाई का मकान ग्राम नई बावल में स्थित है। उनके मकान के सामने खाली पड़ी जमीन पर पड़ोस में रहने वाले कन्हैयालाल पिता किशनलाल अहीर द्वारा कथित रूप से कई दिनों से पत्थर डालकर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। महिला का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने जमीन पर गड्ढे भी खुदवा दिए हैं।
कमला बाई ने आवेदन में बताया कि जब उन्होंने मौके पर पहुंचकर पत्थर हटाने और जमीन खाली करने की बात कही तो उनके साथ कथित रूप से जातिगत गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। महिला के अनुसार, आरोपी ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि जो करना है कर लो, तुम्हारी जमीन छीनकर रहूंगा।
डर के चलते मकान पर लगाया ताला-
पीड़िता ने आवेदन में बताया कि वह विधवा हैं और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। आरोपी की कथित धमकियों और विवाद के चलते वह अपनी पुत्री के साथ अपने ही मकान में रहने से डर रही हैं। सुरक्षा की चिंता के कारण उन्हें मकान पर ताला लगाकर अन्य स्थान पर किराये से रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।
महिला ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि उनकी जमीन पर डाले गए पत्थरों को हटवाकर कब्जे के प्रयास को रोका जाए। साथ ही जातिगत अपशब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने के मामले की निष्पक्ष जांच कर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत उचित कार्रवाई की जाए। पीड़िता ने न्याय दिलाने के साथ अपनी और अपनी पुत्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी गुहार लगाई है।