बड़ीसादड़ी (चित्तौड़गढ़)। बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने रात के समय घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट करने और सोने के आभूषण लूटने की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बोहेड़ा से चुराई गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले में आरोपियों से पूछताछ और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
रात में घर में घुसकर महिलाओं से की थी मारपीट-
पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया कंकुबाई पत्नी लक्ष्मणजी डांगी निवासी बोहेड़ा, थाना बड़ीसादड़ी ने 4 अगस्त 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि 4 अगस्त की रात करीब 1 बजे वह अपनी पुत्रवधू पतासीबाई के साथ मकान के बाहर चौकी पर सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात बदमाश मकान के पिछले हिस्से से अंदर घुसे और दोनों के साथ मारपीट की।
प्रार्थिया के अनुसार, बदमाशों ने उनके बाएं पैर पर लकड़ी से वार किया, जिससे चोट आई। वहीं, उनकी नाक की सोने की नथ और बाएं कान का सोने का टॉप्स, कुल वजन करीब दो तोला, लूटकर ले गए। इस दौरान प्रार्थिया और उनकी पुत्रवधू को चोटें भी आईं। वारदात के बाद आरोपी मकान का मुख्य गेट खोलकर फरार हो गए। बदमाशों ने मकान से कुछ दूरी पर खड़ी गाडोलिया लोहार की मोटरसाइकिल भी चुरा ली।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 183/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
विशेष टीम गठित कर तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार-
पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ धर्मेंद्र सिंह यादव (आईपीएस) के आदेश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) गजेंद्र सिंह (आरपीएस) के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिश्चंद्र सिंह (आरपीएस) के सुपरविजन में आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। थानाधिकारी भगवानलाल के नेतृत्व में झामेश्वर सिंह सहायक उपनिरीक्षक तथा जिला विशेष टीम चित्तौड़गढ़ ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध तेजपाल उर्फ तेजू कालबेलिया, कालू कालबेलिया और सुरेश कालबेलिया को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर बोहेड़ा से चुराई गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा लूटे गए सोने के आभूषणों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
गिरफ्तार आरोपी-
- तेजपाल उर्फ तेजू पुत्र मिठूलाल कालबेलिया, निवासी पारसोली, थाना पारसोली, जिला चित्तौड़गढ़।
- कालू पुत्र सुखा कालबेलिया, निवासी कालीछाट, थाना गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़।
- सुरेश पुत्र प्रभुलाल कालबेलिया, निवासी गौराजी का निम्बाहेड़ा, थाना कपासन, जिला चित्तौड़गढ़।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड-
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कालू कालबेलिया के विरुद्ध थाना भदेसर, चंदेरिया एवं सदर चित्तौड़गढ़ में नकबजनी और चोरी के चार प्रकरण पूर्व से दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं। वहीं, आरोपी सुरेश कालबेलिया के विरुद्ध थाना चंदेरिया में नकबजनी और चोरी का एक प्रकरण दर्ज है, जो न्यायालय में विचाराधीन है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल-
कार्रवाई करने वाली बड़ीसादड़ी थाना पुलिस टीम में सहायक उपनिरीक्षक झामेश्वर सिंह, कांस्टेबल बाबूलाल (521), अचलाराम (640), श्रवण (604), बाबूलाल (1685), दुर्जन सिंह (1074) एवं विकास कुमार (1094) शामिल रहे।