पन्ना। मड़ला घाटी में कट्टे की नोक पर शिफ्ट डिजायर कार लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पन्ना पुलिस ने महज चार घंटे में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक और एक विधिविरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार और एक हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य फरार हैं।
जानकारी के मुताबिक, 23 नवंबर को झांसी निवासी कार चालक पवन शिवहरे चार लोगों को बागेश्वर धाम और मैहर दर्शन कराने के लिए किराये पर लेकर आया था। वापस झांसी लौटते समय मड़ला घाटी की खिल चौकी पुलिया के पास बदमाशों ने चालक को कट्टा अड़ा दिया। इसके बाद मारपीट कर कार, मोबाइल और 2500 रुपए नकद लूटकर फरार हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू कर दी। शाहनगर पुलिस ने पीछा करते हुए घेराबंदी की और लूटी गई कार सहित दो आरोपियों को पकड़ लिया। हालांकि, दो अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी आर्य गौतम उर्फ राघव के खिलाफ उत्तर प्रदेश के अलग-अलग थानों में हत्या के प्रयास सहित सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह की अन्य वारदातों और आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।