नीमच। भादवामाता मंदिर परिसर से पांच वर्षीय नाबालिग बालिका के अपहरण का मामला सामने आने के बाद नीमच सिटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे में बालिका को दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने अपहरण के आरोप में एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी से मामले में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक नीमच किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नीमच सिटी निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
मंदिर परिसर से अचानक लापता हुई पांच वर्षीय बालिका-
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को फरियादी ने थाना नीमच सिटी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी पांच वर्षीय नाबालिग पोती भादवामाता मंदिर परिसर से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण कर ले जाई गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तलाश शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से मिला सुराग-
पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मात्र तीन घंटे में बालिका को आरोपी हरीश पिता मुन्ना, उम्र 22 वर्ष, जाति भील, निवासी अलीराजपुर, हाल मुकाम ग्राम बूढ़ा, थाना नारायणगढ़, जिला मंदसौर के कब्जे से दस्तयाब कर लिया। इसके साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा आरोपी से प्रकरण के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नीमच सिटी निरीक्षक विजय सागरिया एवं उनकी टीम के साथ चौकी बूढ़ा, थाना नारायणगढ़, जिला मंदसौर की पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।