चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बिजयपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हुंडई एक्सेंट कार से 45 किलो 520 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस उप अधीक्षक ग्रामीण दिनेश सुखवाल के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को थानाधिकारी रामलाल उपनिरीक्षक मय जाप्ते के ग्वालियर मोड़ पर पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही हुंडई एक्सेंट कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक कार लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो चालक ने राजकीय पशु चिकित्सालय बिजयपुर के सामने कार रोक दी और उतरकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
कार की तलाशी लेने पर उसमें रखे तीन प्लास्टिक के कट्टों में अवैध अफीम डोडाचूरा मिला। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए इसका कुल वजन 45 किलो 520 ग्राम पाया गया। पुलिस ने डोडाचूरा और तस्करी में प्रयुक्त कार जब्त कर चालक नरेंद्र सिंह पुत्र भैरूसिंह, उम्र 33 वर्ष, निवासी राजपूतों की दांतोल, हाल घोड़ी घाटा, थाना साडास, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान जारी है।