नीमच। जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र में खेत के चारे को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। मामले में शिकायतकर्ता बालचंद पिता मोहनलाल ने आरोप लगाया है कि विवाद के बाद पिंटू और उसके साथ आए कुछ लोगों ने घर में घुसकर उनके और उनके पिता के साथ मारपीट की।
शिकायतकर्ता बालचंद के अनुसार, चारे को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी घर पहुंचे और हमला कर दिया। इस दौरान उनके साथ लाठी से मारपीट की गई, जिससे उनकी पीठ पर चोट आई। वहीं, उनके पिता के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के दौरान आरोपियों ने धमकी दी कि यदि वे खेत पर आए तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। घटना के संबंध में परिवार ने पहले रामपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। अब मामले में कार्रवाई और सुरक्षा की मांग को लेकर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन के माध्यम से पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने और परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।