मंदसौर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ मंदसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक सवार राजस्थान के एक युवक को 10 किलो अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। वहीं, आरोपी को अफीम की खेप उपलब्ध कराने वाला दूसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, एएसपी तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी मल्हारगढ़ पी.एस. बघेल के मार्गदर्शन तथा नारायणगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में रविवार को पुलिस टीम मल्हारगढ़ रोड स्थित बालाजी मंदिर के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक क्रमांक RJ-35-SN-2294 पर सवार एक युवक को रोककर उसके बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से 10 किलो अवैध अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के केशरपुरा निवासी मोहनलाल पिता रामचन्द्र मीणा (25) को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 10 किलो अफीम के अलावा करीब 45 हजार रुपये कीमत की बाइक और 8 हजार रुपये कीमत का ओप्पो मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पूछताछ में सामने आया सप्लायर का नाम-
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अफीम की खेप प्रतापगढ़ जिले के झांतला निवासी जीवन सिंह पिता शेर सिंह राजपूत से लेकर आया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वहीं, फरार आरोपी जीवन सिंह की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी।