शाजापुर। पुलिस टीम के साथ मारपीट, गाली-गलौज और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर सोनी पिता अशोक सोनी एवं अमन सक्सेना पिता अनिल सक्सेना, दोनों निवासी रेलवे स्टेशन रोड, शाजापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से आदेश के बाद उन्हें जिला जेल भेज दिया गया।
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों से की थी मारपीट-
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 की रात कृषि उपज मंडी नहर के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान कार क्रमांक MP09CE0948 में सवार सागर सोनी एवं उसके साथी ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज और झूमाझटकी की। आरोप है कि दोनों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की तथा उनके शासकीय वायरलेस सेट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी देने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का भी आरोप है।
इस मामले में पुलिस आरक्षक अनिरुद्ध की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली शाजापुर में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 132, 121(1), 121(2), 351(3) तथा लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3/5 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया था।
23 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश-
प्रकरण में लगातार प्रयासों के बाद कोतवाली पुलिस ने 23 नवंबर 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार जिला जेल भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका-
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक नवीन बिलावलिया, उप निरीक्षक राहुल पोरवाल, सहायक उप निरीक्षक संजय सवनेर, प्रधान आरक्षक दिनेश पटेल, प्रधान आरक्षक संतोष डावर, आरक्षक राकेश पांडव एवं आरक्षक नीलेश चौहान की सराहनीय भूमिका रही।