उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार, 27 नवंबर को शारदा पीठ श्रृंगेरी के शंकराचार्य स्वामी श्री विधुशेखर भारती जी पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।
दर्शन के उपरांत शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती जी ने मंदिर के सभा मंडप स्थित श्री चन्द्रादित्येश्वर महादेव, श्री शंकराचार्य मंदिर एवं श्री वीरभद्र भगवान का भी विधिवत पूजन किया। यह पूजन मंदिर के शासकीय पुजारी घनश्याम शर्मा द्वारा संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने शंकराचार्य स्वामी जी का स्वागत एवं सत्कार किया। इसके बाद शंकराचार्य ने श्री महाकाल महालोक का भ्रमण किया और वहां की व्यवस्थाओं एवं धार्मिक परिसर का अवलोकन किया।
शंकराचार्य के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक उत्साह का माहौल रहा।