खरगोन। जिले के भगवानपुरा जनपद की ग्राम पंचायत बहादरपुरा के कांकड़िया फालिया में नल-जल योजना और सामुदायिक भवन निर्माण में कथित भ्रष्टाचार एवं शासकीय राशि के गबन का मामला सामने आया है। मामले में जांच रिपोर्ट आने के बाद ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
गुरुवार को ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने के साथ ही कथित रूप से गबन की गई शासकीय राशि की वसूली की मांग की गई।
ग्रामीण दिनेश मोरे, सुनील खोडे और दिनेश खोड़े सहित अन्य लोगों ने बताया कि ग्राम पंचायत बहादरपुरा के कांकड़िया फालिया में सामुदायिक भवन निर्माण और नल-जल योजना के क्रियान्वयन में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं। इस संबंध में पहले भी शिकायत की गई थी। इसके बाद जिला पंचायत खरगोन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के आदेश पर जांच दल गठित किया गया था।
ग्रामीणों के अनुसार, जांच दल ने 21 नवंबर 2026 को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। रिपोर्ट में नल-जल योजना की 9 लाख 55 हजार 200 रुपये की राशि के हिसाब-किताब और संबंधित अभिलेखों में गड़बड़ी पाए जाने का उल्लेख है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जांच रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करने और शासकीय धनराशि की वसूली सुनिश्चित करने की मांग की है।