गरोठ-भानपुरा। मंदसौर जिले के भानपुरा के समीप स्थित मिनी गोवा कंवला में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां जाकिर हुसैन पठान के मकान में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा मकान उसकी चपेट में आ गया। हादसे में मकान के क्षतिग्रस्त होकर गिरने की भी सूचना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के दौरान जाकिर हुसैन की पत्नी नूरजहां और बेटे जाफर को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि जाकिर हुसैन मकान के अंदर ही रह गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग में झुलसने से उनकी मौके पर ही मौत होने की सूचना सामने आई है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
दमकल और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा-
बताया जा रहा है कि जाकिर हुसैन का मकान और दुकान आसपास ही स्थित हैं तथा वे पंचर बनाने का काम करते थे। घटना की सूचना मिलते ही गरोठ से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए।
मौके पर पुलिस, राजस्व विभाग के अधिकारी, तहसीलदार और थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और हादसे में हुए नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही घटना में हुई जनहानि की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।