मंदसौर। जिले के बूढ़ा कस्बे में गुरुवार रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मंदसौर रेफर किया गया। गंभीर हालत को देखते हुए एक घायल को अहमदाबाद और दूसरे को रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, पीर गुराड़िया निवासी चेतन पिता कचरूलाल (22) बूढ़ा से अपने गांव लौट रहे थे। वहीं, बूढ़ा निवासी तस्लीम पिता हमीद मंसूरी (52) बाजार से घर जा रहे थे। इसी दौरान नई आबादी क्षेत्र में बालाजी मंदिर के पास दोनों की मोटरसाइकिलों में आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे के बाद दोनों घायल सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़े थे। लोगों ने उन्हें तत्काल बूढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर मंदसौर रेफर किया गया। तस्लीम को परिजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें अहमदाबाद रेफर किए जाने की जानकारी मिली है। वहीं, चेतन को मंदसौर जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
चेतन के चेहरे पर लगे 10 टांके-
हादसे में चेतन के हाथ, चेहरे, सिर और पैर में चोटें आई हैं। उनके चेहरे पर करीब 10 टांके लगाए गए हैं। वहीं, तस्लीम के सिर, कान, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
चेतन के पिता कचरूलाल ने बताया कि उनका बेटा मजदूरी करता है और गुरुवार को भी काम पर गया था। रात तक घर नहीं पहुंचने पर गांव के लोगों ने हादसे की सूचना दी। इसके बाद वे बूढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और बेटे को मंदसौर जिला अस्पताल लेकर आए। तस्लीम मकान निर्माण का कार्य करते हैं।