उज्जैन। केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर सुबह तड़के उज्जैन पहुंचे। जहां उन्होंने महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर आशीर्वाद लिया। दोनों ने तड़के 4 से 6 बजे तक करीब दो घंटे नंदी हॉल में बैठकर दिव्य भस्म आरती के दर्शन किए। दर्शन के बाद दोनों ने देश और प्रदेश के लिए सुख-समृद्धि, खुशहाली और तरक्की की कामना की।
केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर ने शुक्रवार को महाकाल के दर्शन किए। दर्शन के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि परमात्मा की कृपा से उन्हें भस्म आरती में शामिल होने का अवसर मिला है। उइके ने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए संतोषजनक बताया। उइके ने भगवान शिव से अपने क्षेत्र और देश के सभी लोगों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
वहीं जन अभियान परिषद उपाध्यक्ष मोहन नागर ने कहा कि सुबह 4 से 6 बजे तक का समय कैसे बीत गया, पता ही नहीं चला। भस्म आरती के दर्शन कर मन आनंद से भर गया। मंदिर की पूजा-विधि और व्यवस्थाएं यहां आने वाले हर व्यक्ति को प्रभावित करती है। नागर ने बाबा महाकाल से सभी के सुखी और समृद्ध रहने की कामना की। आपको बता दें कि मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर को राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त है।