उज्जैन। जिले में प्रस्तावित ग्रीन फील्ड रोड के निर्माण को लेकर अब किसानों की आपत्तियां सामने आने लगी हैं। खाचरौद तहसील के ग्राम भाटखेड़ी के पांच किसानों ने प्रस्तावित सड़क मार्ग में उनकी कृषि भूमि शामिल किए जाने पर नाराजगी जताई है। किसानों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच कर वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि उनकी कृषि भूमि सर्वे क्रमांक 590/4 और 590/2 में स्थित है, जिसे प्रस्तावित ग्रीन फील्ड रोड की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है। किसानों का दावा है कि उनकी जमीन प्रस्तावित सड़क मार्ग से करीब एक से डेढ़ किलोमीटर दूर है। इसके बावजूद उनकी भूमि को अधिग्रहण के दायरे में शामिल किए जाने से वे चिंतित हैं।
किसानों का कहना है कि कृषि भूमि ही उनके परिवारों की आजीविका का एकमात्र साधन है। उनके पास आय का कोई दूसरा स्रोत या वैकल्पिक कृषि भूमि नहीं है। ऐसे में यदि उनकी जमीन का अधिग्रहण होता है तो परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
इसी चिंता को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित भूमि का मौके पर निरीक्षण कराया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। साथ ही ग्रीन फील्ड रोड के लिए ऐसा वैकल्पिक मार्ग तय किया जाए, जिससे विकास कार्य भी प्रभावित न हो और किसानों की आजीविका भी सुरक्षित रह सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन से उनकी आपत्तियों पर गंभीरता से विचार कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि किसानों की शिकायत के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है और प्रस्तावित ग्रीन फील्ड रोड के रूट में कोई बदलाव किया जाता है या नहीं।