गरोठ। शामगढ़ के बहुचर्चित धर्मेंद्र हत्याकांड में सजा होने के बाद पुलिस कस्टडी से फरार हुआ आरोपी अल्ताफ खान हुसैन (50) को जयपुर पुलिस की सीएसटी टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के शामगढ़ का निवासी है और पिछले करीब एक साल से जयपुर में पहचान छिपाकर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जयपुर के नाई की थड़ी, जयसिंहपुरा खोर इलाके में रहकर फरारी काट रहा था। उसके खिलाफ शामगढ़ थाने में लड़ाई-झगड़े सहित करीब 8 से 10 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। आरोपी मंदसौर में अलमारी बनाने का काम करता था।
धर्मेंद्र हत्याकांड में हुई थी सजा-
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि धर्मेंद्र नामक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। न्यायालय से सजा होने के बाद जेल ले जाते समय भोजन के दौरान वह पुलिस कस्टडी से फरार हो गया था। इसके बाद वह जयपुर पहुंचा और अपनी पहचान छिपाकर रहने लगा।
तीन महीने से तलाश में जुटी थी सीएसटी टीम-
स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के अनुसार, सीएसटी टीम पिछले करीब तीन महीने से आरोपी की तलाश कर रही थी। टीम ने उसके संभावित ठिकानों पर निगरानी रखकर गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इसके बाद उसे डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया गया।
अब शामगढ़ पुलिस आरोपी को जयपुर से शामगढ़ लाने की कार्रवाई करेगी।