देवास। परिवार का भरण-पोषण करने और रोजी-रोटी कमाने के लिए घर से निकली महिलाओं के साथ शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिरोलिया गांव के हरिजन मोहल्ले की 17 से अधिक महिलाएं पीकअप वाहन में सवार होकर मजदूरी करने ग्राम रतैड़ी जा रही थीं। इसी दौरान सिरोलिया के बाहर तेज रफ्तार ट्रक से बचने के प्रयास में पीकअप वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना में 17 से अधिक महिलाएं घायल हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलों को लोडिंग वाहन और एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय देवास पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं कुछ महिलाओं का प्राथमिक उपचार सिरोलिया में भी किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक मनोज चौधरी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना तथा डॉक्टरों से चर्चा कर सभी घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विधायक मनोज चौधरी ने कहा कि क्षेत्र की महिलाएं मजदूरी करने जा रही थीं, तभी यह हादसा हो गया। मुख्यमंत्री के जनविश्वास कार्यक्रम की तैयारियों के बीच जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, वे सीधे अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता उनके लिए परिवार के समान है और संकट के समय जनता के बीच खड़े रहना तथा उनकी मदद करना सबसे जरूरी है। मानवता और जनसेवा सर्वाेपरि है।