मैहर। मां शारदा मंदिर की पहाड़ियों पर एक बार फिर तेंदुए की मौजूदगी सामने आई है। गुरुवार शाम वैन मार्ग की ओर पहाड़ी पर तेंदुआ सड़क पार करता दिखाई दिया। इस दौरान वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने अपने मोबाइल फोन में तेंदुए का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो शुक्रवार सुबह सामने आने के बाद एक बार फिर मंदिर पहाड़ियों में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
जानकारी के अनुसार, मां शारदा मंदिर की पहाड़ियों पर पिछले करीब पांच महीनों से तेंदुए की गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं। कई बार श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को तेंदुआ दिखाई दिया है। लगातार मिल रही लोकेशन और वीडियो के बाद वन विभाग ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पहाड़ी क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाए थे। नवरात्रि के दौरान भी विभाग ने कैमरों के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया था कि पहाड़ियों में एक तेंदुआ है या एक से अधिक।
कैमरों में एक ही तेंदुए की पुष्टि
मैहर वन परिक्षेत्र के रेंजर शुभम खरे के अनुसार, ट्रैप कैमरों की निगरानी में अब तक इलाके में एक ही तेंदुए की मौजूदगी सामने आई है। यह तेंदुआ लंबे समय से पहाड़ी क्षेत्र में विचरण कर रहा है। वन विभाग ने उसे पकड़ने के लिए मंदिर की पहाड़ियों में पिंजरे भी लगाए हैं, लेकिन अभी तक तेंदुआ पिंजरे में नहीं आया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर वन विभाग की नजर
तेंदुए की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम पूरे क्षेत्र पर निगरानी बनाए हुए है। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बरती जा रही है। वहीं तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के प्रयास भी जारी हैं।
मां शारदा के दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पहाड़ियों पर बार-बार तेंदुआ दिखाई देना वन विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है।