रतलाम जिले के बड़ावदा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत तेजाजी मंदिर परिसर में जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर अजय कटेसरिया, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। शिविर में कलेक्टर ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सेवाओं, अवैध कॉलोनियों और राजस्व से जुड़े कई मुद्दे सामने आए। कलेक्टर ने नगर परिषद को पेयजल पाइपलाइन की लीकेज तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। वहीं एसडीएम को अवैध कॉलोनियों की रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा। नागरिकों ने सेजावता-भूतेड़ा मार्ग की बदहाल स्थिति, अस्पताल में सुविधाओं की कमी, एंबुलेंस सेवा और बड़ावदा को पूर्ण तहसील का दर्जा देने की मांग भी उठाई। इस पर पीडब्ल्यूडी अधिकारी ने सड़क को बजट में शामिल किए जाने की जानकारी दी। अन्नपूर्णा मंदिर की 28 बीघा भूमि के मामले में भी कलेक्टर ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।
शिविर में स्थानीय उद्यमियों और किसानों ने सरकारी योजनाओं से मिली सफलता के अनुभव साझा किए। युवा उद्यमी विनय जोशी ने उद्यम क्रांति योजना के माध्यम से टीवीएस व्यवसाय शुरू करने की जानकारी दी। वहीं अमृतलाल पाटीदार ने प्लाई फैक्ट्री और सौर ऊर्जा संयंत्र, सुनील शर्मा ने जैविक खेती तथा बलराम मेहता और ईश्वरलाल पाटीदार ने अमरूद की खेती के अनुभव बताए।
इसी दौरान जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र के रेवास गांव में बुजुर्ग महिला की मौत के मामले में परिजन भी शिविर पहुंचे और पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर अपनी शिकायत रखी।
शिविर के बाद कलेक्टर ने स्कूल और अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल में रजिस्टर की जांच के साथ नर्सों की कमी और एंबुलेंस व्यवस्था का मुद्दा सामने आया। इस दौरान उन्होंने बेटियों को बचाने और घटते लिंगानुपात पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जब बेटियों को गर्भ में ही मार दिया जाएगा तो नर्स कहां से आएंगी। उन्होंने अस्पताल भवन में टीकाकरण कार्य शुरू कराने के निर्देश भी दिए। वहीं स्कूल में बच्चों से संवाद कर मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था की जानकारी ली।
कुल मिलाकर जन विश्वास शिविर में जहां नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं, वहीं कलेक्टर ने कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। बड़ावदा को टप्पा तहसील से पूर्ण तहसील का दर्जा दिलाने के लिए भी विशेष प्रयास करने का आश्वासन दिया।