नीमच। मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सननवर पटेल द्वारा प्रदेश की 14,962 वक्फ संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन और उनसे होने वाली आय बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इसके तहत अब वक्फ संपत्तियों का किराया जिला कलेक्टर के माध्यम से कलेक्टर गाइडलाइन के आधार पर तय किया जाएगा। वक्फ बोर्ड ने इन संपत्तियों से सालाना आय 100 करोड़ रुपये से अधिक करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इस संबंध में मौ. शकील कुरैशी ने बताया कि प्रदेश में कई बेशकीमती वक्फ संपत्तियों का किराया वर्तमान बाजार मूल्य की तुलना में बेहद कम मिल रहा है। कई स्थानों पर जिन संपत्तियों का किराया 10 हजार रुपये प्रतिमाह होना चाहिए, वहां मात्र 100 रुपये किराया मिल रहा है। ऐसे मामलों में किराये का पुनर्निर्धारण कर उचित दर लागू करने की प्रक्रिया की जाएगी।
वक्फ संपत्तियों का होगा सर्वे और भौतिक सत्यापन-
वक्फ बोर्ड की ओर से संपत्तियों का सर्वे कराया जा रहा है। बोर्ड के अधिकारी और कर्मचारी प्रत्येक संपत्ति का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं। सर्वे और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद किराया निर्धारण एवं बेहतर प्रबंधन से जुड़ी कार्रवाई को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके साथ ही वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने की भी बात कही गई है।
नीमच जिला वक्फ कमेटी ने जताया हर्ष-
वक्फ संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन और आय बढ़ाने के इस निर्णय पर नीमच जिला वक्फ कमेटी के अध्यक्ष फिरोज पठान, उपाध्यक्ष मौ. शकील कुरैशी, सचिव सादिक हुसैन, कार्यालय मंत्री नय्यर पठान, शाहबाज शेख सहित अन्य सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने प्रदेश वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सननवर पटेल को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मौ. शकील कुरैशी ने बताया कि नीमच जिले की वक्फ संपत्तियों का विवरण प्रदेश कार्यालय भोपाल भेज दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस निर्णय से वक्फ संपत्तियों का बेहतर प्रबंधन होगा और उनकी आय में वृद्धि के साथ संपत्तियों का उचित उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।