शिवपुरी। शहर के बड़ौदी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 16 में एक बुजुर्ग महिला ने अपनी बहू को पड़ोस में रहने वाले युवक द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने और घर से लाखों रुपए के जेवर व जरूरी दस्तावेज ले जाने का आरोप लगाया है। 70 वर्षीय द्रोपा आदिवासी ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए बहू की तलाश और मामले में कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, उनका बेटा सिरनाम आदिवासी मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला केदार आदिवासी कथित तौर पर उनकी बहू कुसमा को अपने साथ ले गया। बुजुर्ग महिला का आरोप है कि बहू घर से करीब 2 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर और अपने जरूरी दस्तावेज भी साथ ले गई है।
तीन मासूम बच्चों की जिम्मेदारी बुजुर्ग दादी पर
द्रोपा आदिवासी ने बताया कि बहू के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनके पालन-पोषण की जिम्मेदारी अब उनके ऊपर आ गई है। 70 वर्ष की उम्र में बच्चों की देखभाल और न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। उन्होंने बहू के साथ किसी अनहोनी की आशंका भी जताई है।
SP से लगाई न्याय की गुहार
बुजुर्ग महिला ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उनकी बहू की जल्द तलाश की जाए, घर से ले जाए गए जेवर और दस्तावेज बरामद किए जाएं तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल बुजुर्ग महिला की शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और बहू की तलाश को लेकर कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।