दतिया। पुलिस उप महानिरीक्षक चंबल रेंज सुनील कुमार जैन ने शुक्रवार को पुलिस लाइन दतिया का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी लेकर पुलिस जवानों के टर्नआउट, अनुशासन, शारीरिक दक्षता और कदमताल का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार, स्टोर, आवास एवं परिवहन शाखा सहित विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में अनुशासन, शारीरिक एवं मानसिक दक्षता और कर्तव्य के प्रति निष्ठा बेहद जरूरी है। सभी पुलिसकर्मी पूरी सजगता और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने टीम भावना और पेशेवर कार्यशैली बनाए रखने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला, समस्त एसडीओपी, थाना प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक उपस्थित रहे।