कसरावद। नगर के जामा मस्जिद मोहल्ले में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे पार्षद रहीश भाई कुरैशी के मकान में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि मकान के ऊपरी हिस्से में बने कमरे में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने कमरे में रखे घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना में कमरे में रखा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 1 से 1.50 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
आग की लपटों के बीच सुरक्षित रही कुरान शरीफ
इस घटना में एक बात ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। परिजनों के अनुसार, कमरे में रखी कुरान शरीफ आग की चपेट में आने से सुरक्षित रही। बताया गया कि आग की लपटें कुरान शरीफ की पेटी तक पहुंचीं, लेकिन कुरान शरीफ को कोई नुकसान नहीं हुआ। इसे परिजनों और स्थानीय लोगों ने खुदा का करिश्मा बताया।
गनीमत रही कि जिस समय कमरे में आग लगी, उस वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था। इसके चलते हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।