नीमच। जिले की चंगेरा कृषि उपज मंडी में आज प्याज की बंपर आवक देखने को मिली। एक दिन के अवकाश के बाद मंडी खुलते ही प्याज की बोरियों की भारी आमद हुई। करीब 15 हजार कट्टे प्याज मंडी में पहुंचे, लेकिन बंपर आवक के बावजूद किसानों के चेहरों पर खुशी के बजाय मायूसी नजर आई।
दरअसल, मंडी में प्याज की भारी आवक के चलते किसानों को उनकी उपज के अपेक्षित दाम नहीं मिल पाए। भाव की बात करें तो कम गुणवत्ता वाला प्याज करीब 1500 रुपये प्रति क्विंटल बिका, जबकि अच्छी गुणवत्ता वाले प्याज का अधिकतम भाव 3100 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचा।
किसानों का कहना है कि खेतों में दिन-रात मेहनत कर उपज तैयार करने और उसे मंडी तक पहुंचाने के बाद भी उन्हें उम्मीद के मुताबिक दाम नहीं मिल पा रहे हैं। बंपर आवक और अपेक्षाकृत कम भाव ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
फिलहाल किसानों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में प्याज के भाव में सुधार होगा, जिससे उन्हें अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिल सकेगा।