नीमच। देश की प्रमुख कृषि उपज मंडियों में शामिल नीमच कृषि उपज मंडी में इन दिनों प्याज की बंपर आवक हो रही है। आवक बढ़ने के चलते नीलामी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। हालात यह हैं कि किसानों की उपज की नीलामी होने में तीन से चार दिन तक का समय लग रहा है। इसके कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, प्याज के भाव में नमी के नाम पर कटौती किए जाने से भी किसानों में नाराजगी है। किसानों का आरोप है कि मंडी में व्यापारियों की मनमानी के चलते उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि व्यापारी महज दो घंटे तक नीलामी में हिस्सा लेते हैं और इसके बाद ब्रेक ले लेते हैं। इससे नीलामी की प्रक्रिया धीमी हो जाती है। नतीजतन किसानों को कड़ाके की ठंड में घंटों अपनी उपज के साथ मंडी परिसर में इंतजार करना पड़ता है।
बंपर आवक के बावजूद नीलामी व्यवस्था सुचारू नहीं होने से किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि मंडी प्रशासन किसानों की सुविधा के लिए नीलामी प्रक्रिया को तेज करने के क्या इंतजाम कर रहा है और आखिर किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए तीन से चार दिन तक इंतजार क्यों करना पड़ रहा है?