नीमच। नीमच कृषि उपज मंडी को आधुनिक एवं आदर्श मंडी के रूप में विकसित करने की दिशा में शासन स्तर पर पहल शुरू हो गई है। इसी क्रम में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के सचिव निशांत वरवड़े एवं मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक राघवेंद्र सिंह ने शुक्रवार सुबह नीमच स्थित औषधि मंडी एवं कृषि उपज मंडी चंगेरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में कृषि एवं औषधीय फसलों की आवक, बिक्री, नीलामी प्रक्रिया तथा किसानों और व्यापारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने किसानों एवं व्यापारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं, अनुभव और सुझाव भी जाने।
औषधीय एवं कृषि उत्पादों की नीलामी प्रक्रिया का लिया जायजा-
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंडी में बिक्री के लिए लाई गई अश्वगंधा, चिया सीड्स, ढैंचा, सूरजमुखी बीज, अरंडी सहित विभिन्न औषधीय एवं कृषि उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों द्वारा उपज मंडी में लाने से लेकर उसकी बिक्री एवं नीलामी तक की प्रक्रिया को समझा। किसानों और व्यापारियों ने बताया कि मंडी में प्रतिस्पर्धात्मक बोली प्रक्रिया के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है।
इस दौरान जानकारी दी गई कि नीमच मंडी में राजस्थान के झालावाड़, धार सहित प्रदेश के अन्य जिलों तथा महाराष्ट्र से भी विभिन्न कृषि एवं औषधीय फसलें बिक्री के लिए लाई जाती हैं। अधिकारियों ने मंडी परिसर में स्थापित क्लीनिंग, ग्रेडिंग एवं सॉर्टिंग मशीन का निरीक्षण कर उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी भी ली। किसानों ने मंडी परिसर में विश्रामगृह एवं कैंटीन की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने का सुझाव दिया।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल मंडी बनाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
कृषि उपज मंडी चंगेरा के निरीक्षण के दौरान सचिव वरवड़े ने मंडी के सुव्यवस्थित विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश मंडी सचिव को दिए। उन्होंने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में नीमच मंडी को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श मंडी एवं कृषि व्यापार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
उन्होंने मंडी की बेहतर कनेक्टिविटी, प्रवेश एवं निकास मार्ग, आधारभूत संरचना, भंडारण सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए वास्तुविद के माध्यम से समग्र कार्ययोजना तैयार कराने के निर्देश दिए। साथ ही मंडी परिसर में उपलब्ध स्थान एवं आसपास की भूमि की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विस्तार की योजना बनाने तथा आवश्यकता पड़ने पर भूमि अधिग्रहण के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
सचिव वरवड़े ने मंडी में ही कृषि उपज की छंटाई, श्रेणीकरण एवं प्रसंस्करण की सुविधाएं विकसित करने, आधुनिक शेड की संख्या बढ़ाने तथा फसलों की गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला स्थापित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने फाइटोसैनिटरी प्रयोगशाला स्थापित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की, ताकि कृषि उत्पादों की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच की जा सके।
ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग और समयबद्ध भुगतान व्यवस्था पर जोर-
मंडी में किसानों की सुविधा बढ़ाने एवं अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अधिकारियों ने ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। इसके माध्यम से किसान अपनी उपज मंडी में लाने के लिए पहले से समय निर्धारित कर सकेंगे, जिससे उपज की आवक एवं बिक्री का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा।
इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक भुगतान प्रणाली, बैंक हस्तांतरण एवं अन्य डिजिटल सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया, ताकि किसानों को उपज विक्रय के बाद समय पर भुगतान मिल सके। किसान द्वार मोबाइल ऐप, इंटरनेट आधारित निगरानी एवं स्वचालित व्यवस्थाओं को लागू करने की संभावनाओं पर भी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
मंडी में जैविक एवं प्राकृतिक खेती से उत्पादित कृषि उपज की बिक्री के लिए अलग से विशेष शेड विकसित करने पर भी चर्चा हुई। इससे जैविक खेती करने वाले किसानों को अपने उत्पादों के विक्रय के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
किसानों एवं व्यापारियों के साथ बैठक कर लिए सुझाव-
कृषि उपज मंडी परिसर स्थित सभाकक्ष में सचिव निशांत वरवड़े की अध्यक्षता में किसानों एवं व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडी की वर्तमान व्यवस्थाओं, कृषि उपज की आवक, नीलामी प्रक्रिया, भुगतान, गुणवत्ता जांच एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विस्तार से चर्चा की गई।
किसानों ने मंडी परिसर में ही विभिन्न फसलों की गुणवत्ता एवं अन्य आवश्यक जांच के लिए प्रयोगशाला स्थापित करने की मांग रखी। साथ ही किसानों एवं व्यापारियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने के सुझाव दिए।
सचिव वरवड़े ने मंडी सचिव को किसानों एवं विभिन्न कृषि जिंसों के व्यापारियों से चर्चा कर आवश्यक सुझाव प्राप्त करने तथा देश की अन्य आधुनिक मंडियों की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर नीमच मंडी के विकास की समग्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडी परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, विश्रामगृह एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया।
जैविक एवं प्राकृतिक खेती के प्रमाणीकरण के लिए शिविर लगाने के निर्देश-
बैठक में सचिव वरवड़े ने जिले में प्राकृतिक एवं जैविक खेती करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने तथा उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जैविक प्रमाणीकरण की प्रक्रिया को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने उप संचालक कृषि को कलेक्टर के मार्गदर्शन में संबंधित किसानों के लिए प्रमाणीकरण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
प्रगतिशील किसानों से चर्चा कर आधुनिक खेती की जानकारी ली-
निरीक्षण एवं बैठक के बाद सचिव निशांत वरवड़े एवं मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक राघवेंद्र सिंह ने जिले के तीन प्रगतिशील किसानों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल उत्पादन, कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, कृषि कार्यों में मशीनों के उपयोग एवं नए कृषि नवाचारों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने किसानों के अनुभव एवं सुझाव भी प्राप्त किए।
इस अवसर पर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, उप संचालक कृषि नगीन सिंह रावत, मंडी सचिव उमेश बसेड़िया सहित संभाग एवं जिला स्तर के कृषि विभाग तथा मंडी बोर्ड के अधिकारी उपस्थित रहे।