नीमच। शहर की चंगेरा कृषि उपज मंडी में इन दिनों प्याज की बंपर आवक हो रही है। शनिवार को मंडी में करीब 20 हजार कट्टे प्याज की आवक दर्ज की गई। वहीं, पिछले दिन की करीब 20 हजार कट्टों की उपज की नीलामी भी बाकी थी। ऐसे में मंडी में नीलामी व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार सुबह नीलामी में हो रही देरी से नाराज कुछ किसानों ने मंडी गेट पर तालाबंदी कर दी। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाइश दी, जिसके बाद किसान मान गए और नीलामी का कार्य दोबारा सुचारू रूप से शुरू हुआ। शनिवार शाम तक करीब 15 से 20 हजार कट्टों की नीलामी होने की जानकारी सामने आई।
नीलामी के दौरान मंडी में किसानों के बीच मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। जहां कुछ किसान अपनी उपज की नीलामी होने से संतुष्ट नजर आए, वहीं कई किसानों ने व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई। किसानों की परेशानी का प्रमुख कारण नीलामी में देरी और हम्मालों की कमी बताया जा रहा है।
किसानों ने बताया कि हम्मालों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण उन्हें स्वयं ही प्याज कट्टों में भरना पड़ रहा है। वहीं, कई किसानों की उपज की नीलामी नहीं हो सकी, जिससे उन्हें इंतजार करना पड़ा। परेशान किसानों ने कैमरे के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए मंडी की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।
इधर, रविवार को मंडी में अवकाश रहने के चलते किसानों के सामने एक और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। किसानों को चिंता है कि उनकी बची हुई प्याज की उपज की नीलामी रविवार को होगी या फिर उन्हें अगले कार्यदिवस तक इंतजार करना पड़ेगा। बंपर आवक के बीच नीलामी में देरी, हम्मालों की कमी और अवकाश को लेकर बनी स्थिति ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।