नीमच। शहर के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को उस समय हलचल मच गई, जब भोपाल से भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की टीम ने तीन ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों पर अचानक जांच और कार्रवाई शुरू की। टीम ने राम ज्वेलर्स, आरआर ज्वेलर्स और जैम्स ज्वेलर्स पर पहुंचकर हॉलमार्क से संबंधित नियमों और मानकों की जांच की। कार्रवाई के दौरान एक संस्थान में बिना हॉलमार्क की ज्वेलरी मिलने की जानकारी सामने आई है।
बीआईएस भोपाल ब्रांच ऑफिस के निदेशक एवं साइंटिस्ट-ई मोहम्मद तोसिफ ने बताया कि नीमच के तीन ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों के नाम से शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर विभाग की ओर से तीन टीमें गठित की गईं। इनमें से एक टीम का नेतृत्व वे स्वयं कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान साइंटिस्ट-सी आशुतोष राय सहित टीम के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। कुल 12 सदस्यों की टीम ने जांच की।
मोहम्मद तोसिफ के अनुसार, शिकायत मिली थी कि संबंधित प्रतिष्ठानों पर बिना हॉलमार्क की ज्वेलरी बेची जा रही है। इसी शिकायत के आधार पर शुक्रवार को जांच की गई। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान एक संस्थान में बिना हॉलमार्क की ज्वेलरी मिली है। उन्होंने नीमच जिले के सभी ज्वेलर्स से हॉलमार्क का रजिस्ट्रेशन कराने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की।
आरआर ज्वेलर्स पर भी मिली बिना हॉलमार्क की ज्वेलरी-
कार्रवाई में शामिल दूसरी टीम के अधिकारी संजय कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि आरआर ज्वेलर्स पर जांच के दौरान कुछ ज्वेलरी बिना हॉलमार्क के मिली है। संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बीआईएस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे की कार्रवाई निर्धारित नियमों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर की जाएगी। टीम की इस कार्रवाई के बाद सर्राफा बाजार में हलचल का माहौल रहा।