मनासा। ग्राम मोकलपुरा पोखरदा में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान के कुएं में मगरमच्छ दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ का सफल रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर 2026 को ग्राम मोकलपुरा पोखरदा निवासी प्रह्लाद पिता परसराम ने वन विभाग को सूचना दी कि उनके कुएं में मगरमच्छ मौजूद है। सूचना पर वन विभाग मनासा के माध्यम से रेस्क्यू टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंची टीम ने करीब एक घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 7 से 8 फीट लंबे और 90 किलोग्राम वजनी मगरमच्छ को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के बाद जांच में मगरमच्छ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया, जिसे उसके प्राकृतिक आवास जलाशय में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू अभियान में महेश पाटीदार, बीट प्रभारी रावतपुरा, मनासा तथा शासकीय वाहन उड़नदस्ता चालक प्रेम सिंह गौड़ और विष्णु कीर का विशेष योगदान रहा। वन विभाग की टीम की तत्परता से मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे प्राकृतिक आवास में पहुंचाया गया।