निंबाहेड़ा। निंबाहेड़ा पंचायत समिति के प्रधान पद के लिए शुक्रवार को संपन्न हुए निर्वाचन में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज करते हुए एक बार फिर पंचायत समिति पर अपना परचम लहराया। कांग्रेस प्रत्याशी उदी बाई जाट ने कुल 18 मत प्राप्त कर प्रधान पद पर विजय हासिल की, जबकि भाजपा प्रत्याशी पारस कंवर को 5 मत प्राप्त हुए।
प्रधान पद के निर्वाचन परिणाम की घोषणा के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई। मंडी चौराहा स्थित पंचायत समिति कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में एकत्रित कांग्रेसजनों ने एक-दूसरे को बधाई देकर जीत की खुशियां साझा कीं।
इस शानदार जीत को निंबाहेड़ा क्षेत्र में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष उदयलाल आंजना के कुशल मार्गदर्शन, संगठनात्मक मजबूती तथा कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, रीति-नीति और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम माना जा रहा है। पंचायत राज चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को मिली सफलता के बाद प्रधान पद पर उदी बाई जाट की जीत ने क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्साह को और बढ़ा दिया।
विजय जुलूस निकालकर मनाया जीत का जश्न-
प्रधान पद पर कांग्रेस प्रत्याशी उदी बाई जाट की जीत के पश्चात कांग्रेसजनों एवं समर्थकों ने नगर में उत्साहपूर्वक विजय जुलूस निकाला। इस दौरान कांग्रेस के झंडों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुलूस में शामिल हुए। जगह-जगह आतिशबाजी कर एवं मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर बधाइयां दीं तथा कांग्रेस पार्टी के पक्ष में नारे लगाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री उदयलाल आंजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, संगठन के प्रति समर्पित भावना और कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय से निंबाहेड़ा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को मजबूती मिली है। पंचायत समिति के प्रधान पद पर कांग्रेस की यह जीत संगठन की एकजुटता और सामूहिक प्रयासों का सुखद परिणाम है।
कांग्रेस की जीत से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह-
निंबाहेड़ा पंचायत समिति के प्रधान पद पर कांग्रेस की इस शानदार जीत से क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित प्रधान उदी बाई जाट को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके कार्यकाल में पंचायत समिति क्षेत्र के गांवों में विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा आमजन की समस्याओं के समाधान और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जाएगी।
कांग्रेसजनों ने इस जीत को क्षेत्र में कांग्रेस की मजबूत संगठनात्मक स्थिति और जनता के विश्वास का प्रतीक बताते हुए आगामी समय में भी संगठन की एकजुटता के साथ जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।