भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव 2028 को लेकर कांग्रेस के भीतर नेतृत्व की राजनीति तेज होती नजर आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के एक बयान ने प्रदेश कांग्रेस की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। दिग्विजय सिंह ने गुना में कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। साथ ही उन्होंने पार्टी के भीतर किसी तरह के विवाद से इनकार किया है।
दिग्विजय सिंह के इस बयान को प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अहम माना जा रहा है। वहीं दूसरी ओर 14 नवंबर को भोपाल में कमलनाथ के बंगले पर नेहरू जयंती, दीपावली मिलन और कमलनाथ के जन्मदिन के आयोजन को लेकर भी सियासी चर्चाएं तेज हैं। इस आयोजन में नकुलनाथ की सक्रियता को राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है।
कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने नेतृत्व के सवाल पर कहा कि पार्टी में हाईकमान का फैसला सर्वाेपरि है। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे हमारे प्रमुख नेता हैं और जो फैसला हाईकमान करेगा, पार्टी उसी के साथ खड़ी रहेगी।
बीजेपी ने गुटबाजी पर घेरा
दिग्विजय सिंह के बयान पर बीजेपी मीडिया प्रभारी ब्रजगोपाल लोया ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में गुटबाजी हावी है और दिग्विजय सिंह का नया सियासी अभियान पार्टी के नेताओं को किनारे करने की कोशिश है। लोया ने दावा किया कि जीतू पटवारी, उमंग सिंघार और नकुलनाथ को राजनीतिक रूप से कमजोर कर जयवर्धन सिंह के लिए रास्ता तैयार किया जा रहा है।
कुल मिलाकर 2028 के विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन मध्यप्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व की तस्वीर को लेकर बयानबाजी शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि कांग्रेस हाईकमान प्रदेश में नेतृत्व को लेकर क्या रुख अपनाता है और आने वाले दिनों में पार्टी की सियासत किस दिशा में आगे बढ़ती है।