चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिला परिषद में 21 वर्षों बाद कांग्रेस ने अपना जिला प्रमुख बनाने में सफलता हासिल की है। जिला प्रमुख पद के लिए गुरुवार को संपन्न हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रतनी देवी बद्रीलाल जाट निर्वाचित हुईं। उन्हें 35 में से 28 सदस्यों का समर्थन मिला, जबकि भाजपा प्रत्याशी तुलसी बाई को 7 वोट प्राप्त हुए। चुनाव परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना और पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर और नारेबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया।
जिला प्रमुख पद के चुनाव के लिए कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए थे। कांग्रेस की ओर से वार्ड संख्या 10 से निर्वाचित रतनी देवी जाट ने जिला प्रमुख पद के लिए अपना नामांकन प्रस्तुत किया। वहीं, भाजपा की ओर से वार्ड संख्या 14 से निर्वाचित तुलसी बाई ने नामांकन दाखिल किया। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा हो गया।
निर्धारित समय पर दोनों दलों के प्रत्याशी कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचे, जहां निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतदान संपन्न कराया गया। मतगणना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी रतनी देवी जाट को विजयी घोषित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. मंजू ने नवनिर्वाचित जिला प्रमुख रतनी देवी जाट को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा।
गौरतलब है कि चित्तौड़गढ़ जिला परिषद के कुल 35 वार्डों में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 28 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को 7 सीटें मिली थीं। जिला प्रमुख पद के चुनाव में भी कांग्रेस के सभी 28 निर्वाचित सदस्यों ने पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। इस तरह जिला परिषद में 21 वर्षों बाद कांग्रेस का कब्जा हो गया।
चुनाव को लेकर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया।
इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री उदयलाल आंजना, पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत तथा नवनिर्वाचित जिला प्रमुख रतनी देवी जाट के पति एवं पूर्व डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट जगपुरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जनता ने भाजपा सरकार के प्रति नाराजगी जताई- आंजना
जीत के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री उदयलाल आंजना ने पंचायत राज चुनाव में कांग्रेस की सफलता को लोकतंत्र में जनता की जीत बताया। उन्होंने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार के प्रति जनता का मोहभंग हो चुका है और सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। इस चुनाव में जनता ने कांग्रेस के पक्ष में विश्वास व्यक्त कर भाजपा सरकार के प्रति अपनी नाराजगी का संकेत दिया है। आंजना ने कहा कि कांग्रेस हमेशा की तरह जनहित में कार्य करती रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
कांग्रेस की जीत के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और पार्टी के समर्थन में नारे लगाते हुए उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। 21 वर्षों बाद जिला परिषद में कांग्रेस की वापसी को पार्टी कार्यकर्ताओं ने बड़ी राजनीतिक सफलता के रूप में देखा।