चित्तौड़गढ़। जिले में पंचायत राज चुनाव 2026 के नतीजों ने ग्रामीण राजनीति की तस्वीर बदल दी है। जिला परिषद के 35 वार्डों में कांग्रेस ने 28 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बढ़त हासिल की, जबकि भाजपा महज 7 सीटों पर सिमट गई। चुनाव परिणामों में कई बड़े राजनीतिक चेहरों के परिवारों को जीत मिली, तो कई दिग्गज नेताओं के परिजनों को हार का सामना करना पड़ा।
वहीं जिले की 11 पंचायत समितियों में से बड़ीसादड़ी, कपासन, निंबाहेड़ा, बेगूं, भूपालसागर, डूंगला और भैंसरोड़गढ़ में कांग्रेस बहुमत हासिल करने में सफल रही। गंगरार, राशमी और भदेसर पंचायत समितियों में भाजपा को बहुमत मिला। सबसे दिलचस्प मुकाबला चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में देखने को मिला, जहां भाजपा और कांग्रेस को 14-14 सीटें मिलीं, जबकि एक सीट पर आरएलपी प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। ऐसे में यहां प्रधान पद का चुनाव आरएलपी के समर्थन पर निर्भर हो गया है।
बड़े राजनीतिक चेहरों के परिवारों की जीत-हार रही चर्चा में-
इन चुनावों में सबसे अधिक चर्चा बड़े राजनीतिक चेहरों के परिवारों की जीत और हार को लेकर रही। निर्दलीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की पत्नी सुशीला कंवर ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में जिला परिषद के वार्ड-16 से 3,592 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। इस जीत को उनकी राजनीतिक ताकत के रूप में देखा जा रहा है।
दूसरी ओर भाजपा जिलाध्यक्ष रतन गाडरी की बेटी सीमा गाडरी को वार्ड-4 से हार का सामना करना पड़ा। वह कांग्रेस प्रत्याशी से 2,563 मतों से पराजित हुईं। इसी तरह पूर्व भूमि विकास बैंक अध्यक्ष कमलेश पुरोहित की पत्नी और भाजपा प्रत्याशी रति पुरोहित भी वार्ड-5 से चुनाव नहीं जीत सकीं। उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी रानी ने 320 मतों से हराया।
वार्ड-10 में पूर्व डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट (जगपुरा) की पत्नी कांग्रेस प्रत्याशी रतनी देवी जाट ने 1,425 मतों से जीत दर्ज की। उन्होंने कपासन प्रधान मोहब्बत सिंह की बहू और भाजपा प्रत्याशी भावना राणावत को पराजित किया। चुनाव के दौरान बद्रीलाल जाट (जगपुरा) की सक्रिय भूमिका भी चर्चा में रही।
भाजपा के कमजोर प्रदर्शन के पीछे स्थानीय मुद्दों की चर्चा-
चुनाव परिणामों के बाद भाजपा के कमजोर प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई कारणों पर चर्चा हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को लेकर असंतोष, स्थानीय मुद्दों और संगठनात्मक समीकरणों को इसके प्रमुख कारणों में गिना जा रहा है।
वहीं कांग्रेस ने चुनाव प्रचार के दौरान स्थानीय समस्याओं के साथ अफीम किसानों के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। बद्रीलाल जाट (जगपुरा) ने भी इस मुद्दे को लगातार उठाकर कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया। इसके अलावा भाजपा में परिवारवाद को बढ़ावा मिलने और लंबे समय से संगठन में काम कर रहे कार्यकर्ताओं की उपेक्षा को लेकर भी सवाल उठते रहे। हालांकि, इन कारणों का चुनाव परिणामों पर कितना प्रभाव पड़ा, यह राजनीतिक विश्लेषण का विषय है।
मंत्री और पूर्व मंत्री के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भी भाजपा को झटका-
क्षेत्रवार चुनाव परिणामों ने भाजपा के कई बड़े नेताओं के प्रभाव वाले इलाकों में भी पार्टी के प्रदर्शन पर सवाल खड़े किए हैं। सहकारिता मंत्री गौतम दक के विधानसभा क्षेत्र बड़ीसादड़ी में भाजपा को बड़ा झटका लगा। यहां पंचायत समिति के 17 वार्डों में कांग्रेस ने 14 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा केवल 3 सीटें ही हासिल कर सकी। इससे पहले बड़ीसादड़ी नगर पालिका चुनाव में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। लगातार मिले इन परिणामों को क्षेत्र में भाजपा के लिए राजनीतिक चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
इसी तरह पूर्व यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी के प्रभाव वाले निंबाहेड़ा क्षेत्र में भी भाजपा पिछड़ गई। यहां पंचायत समिति के 23 वार्डों में कांग्रेस ने 18 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को केवल 5 सीटें मिलीं। इस क्षेत्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना का प्रभाव भी चुनाव परिणामों में देखने को मिला।
ग्रामीण राजनीति में बदलाव का संकेत-
कुल मिलाकर चित्तौड़गढ़ जिले के पंचायत राज चुनाव परिणामों ने ग्रामीण राजनीति में बदलते समीकरणों की ओर संकेत किया है। जिला परिषद में कांग्रेस की बड़ी जीत, भाजपा के कई प्रभावशाली चेहरों के परिजनों की हार और पंचायत समितियों में मिले मिश्रित जनादेश ने दोनों प्रमुख दलों के सामने नई राजनीतिक चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। अब सबकी नजर पंचायत समितियों में प्रधान पद के गठन और जिला परिषद की आगे की राजनीतिक गतिविधियों पर रहेगी।