नीमच। जिला आम आदमी पार्टी की ओर से 26 नवंबर को संविधान दिवस, पार्टी स्थापना दिवस एवं दीपावली मिलन समारोह हर्षाेल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संविधान के मूल्यों, लोकतंत्र की मजबूती तथा पार्टी की विचारधारा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. राजू पाल ने की। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र की सत्तारूढ़ सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान में संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के सामने कई चुनौतियां हैं। उन्होंने चुनाव आयोग के माध्यम से मतदाताओं के नाम काटे जाने तथा केंद्रीय जांच एजेंसियों के राजनीतिक इस्तेमाल के आरोप भी लगाए।
संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर उठाए सवाल-
डॉ. राजू पाल ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कई नेताओं को जेल भेजा गया। संविधान दिवस केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता और न्याय के मूल्यों की रक्षा के लिए सभी को आगे आना चाहिए। उन्होंने पार्टी स्थापना दिवस पर संगठन को मजबूत बनाने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
समारोह में अन्य वक्ताओं ने भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संविधान की रक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने जनजागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की।
वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद-
कार्यक्रम में सत्यनारायण ओझा, प्रहलाद काबरा, नरेंद्र पाटीदार, प्रदेश सेन, बालचंद वर्मा, इब्राहिम पठान, चितरंजन गहलोत, उदय राम चौहान, रमेश गुर्जर, अक्षय चुन्मार, किशोर धाकड़, राजेश मैंचवाल, उदय राम भंवरलाल जबड़ा, जानकी लाल पाटीदार, परसराम जोसेफ, लविश कमीजिया, नरेंद्र सिंह, मंवर सिंह एवं शिवजी उपाध्याय सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समारोह का समापन आपसी सौहार्द, दीपावली की शुभकामनाओं और संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।