नीमच। देश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं आयरन लेडी के नाम से प्रसिद्ध इंदिरा गांधी की जयंती 19 नवंबर को नीमच में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने उनके व्यक्तित्व, राजनीतिक जीवन और देश के विकास में दिए गए योगदान को याद किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री के रूप में कई ऐतिहासिक फैसले लिए और देश की एकता, अखंडता एवं मजबूती के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके दृढ़ नेतृत्व और निर्णय लेने की क्षमता के चलते उन्हें भारतीय राजनीति की प्रभावशाली नेताओं में गिना जाता है।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी का संपूर्ण जीवन देशसेवा और जनहित के प्रति समर्पित रहा। उनके विचारों और सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर कार्यकर्ताओं को जनहित के मुद्दों पर जनता की आवाज बुलंद करने और देशहित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी के आदर्शों और देशसेवा के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।