चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के बोर्ड गठन से पहले RLP की निर्वाचित सदस्य शंकरी बाई को लेकर जिले की राजनीति गरमा गई है। पंचायत समिति में बहुमत के समीकरण के बीच शंकरी बाई की भूमिका अहम मानी जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया, जो देर शाम तक जारी रहा। प्रदर्शन में मेवाड़ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता पहुंचे। उन्होंने शंकरी बाई को वापस लाने और उन्हें पंचायत समिति का प्रधान बनाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी नेताओं ने कहा कि शंकरी बाई RLP के टिकट पर चुनाव जीतकर आई हैं, इसलिए पंचायत समिति के बोर्ड गठन में उनकी भूमिका और किसी भी राजनीतिक दल को समर्थन देने का फैसला संगठन की सहमति से होना चाहिए। नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी की अनुमति के बिना किसी सदस्य का व्यक्तिगत रूप से समर्थन देने का निर्णय स्वीकार नहीं किया जाएगा।
RLP प्रभारी बद्रीलाल जाट ने कहा कि शंकरी बाई पढ़ी-लिखी नहीं हैं, लेकिन अब एक घंटे में ही विकास कार्यों को समझने लगी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भाजपा ने उनका साथ नहीं दिया था, तब RLP ने उनका साथ दिया था। ऐसे में यदि वह अपनी मर्जी से फैसला लेने की बात कह रही हैं, तो यह गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि धनबल के दबाव में शंकरी बाई से इस तरह के बयान दिलवाए गए हैं।
वहीं, RLP के जिला सह प्रभारी हर्षल पियाल ने कहा कि पंचायत समिति में पार्टी की क्या भूमिका होगी, इसका फैसला केवल संगठन करेगा। किसी भी सदस्य को पार्टी की सहमति के बिना व्यक्तिगत रूप से किसी दल को समर्थन देने का अधिकार नहीं है। उन्होंने विधायक चंद्रभान सिंह आक्या पर निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक शंकरी बाई को वापस नहीं लाया जाता, तब तक पार्टी का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।
प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में पार्टी चाहती है कि शंकरी बाई को ही पंचायत समिति का प्रधान बनाया जाए। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पंचायत समिति में RLP की एक सीट निर्णायक स्थिति में है, इसलिए शंकरी बाई पर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर काफी देर तक नारेबाजी कर विरोध जताया।
एक दिन पहले शुरू हुआ था विवाद-
शंकरी बाई को लेकर विवाद की शुरुआत एक दिन पहले हुई थी। RLP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि विधायक चंद्रभान सिंह आक्या शंकरी बाई को जबरदस्ती अपने साथ ले गए हैं। पार्टी का दावा था कि पंचायत समिति के बोर्ड गठन के समीकरणों को प्रभावित करने के उद्देश्य से ऐसा किया गया है।
हालांकि, इन आरोपों के कुछ समय बाद ही शंकरी बाई का एक वीडियो सामने आया था। वीडियो में उन्होंने जबरदस्ती ले जाने के आरोपों को गलत बताते हुए कहा था कि उनके साथ किसी तरह की जोर-जबरदस्ती नहीं हुई है और उन्हें लेकर फैलाई जा रही बातें महज अफवाह हैं।
एक सीट पर टिकी सत्ता की नजर-
पंचायत समिति के बोर्ड गठन में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला बराबरी का माना जा रहा है। ऐसे में RLP की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। शंकरी बाई का समर्थन मिलने से किसी भी दल के लिए सत्ता तक पहुंचने का रास्ता आसान हो सकता है। यही वजह है कि उनके राजनीतिक रुख को लेकर लगातार बयानबाजी हो रही है।
एक ओर RLP संगठन उन्हें वापस लाने और पार्टी के पक्ष में निर्णय लेने की मांग कर रहा है, वहीं दूसरी ओर शंकरी बाई वीडियो जारी कर अपनी मर्जी से फैसला लेने की बात कह चुकी हैं। अब सबकी नजर पंचायत समिति के बोर्ड गठन पर टिकी है, जहां यह स्पष्ट होगा कि प्रधान की कुर्सी पर किस दल का कब्जा होता है।