मंदसौर। जिले के गरोठ क्षेत्र के ग्राम लुक्का में सात वर्षीय बालिका के साथ हुई जघन्य घटना पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनय दुबेला ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मामले में शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने की मांग की है।
विनय दुबेला ने कहा कि इस हृदयविदारक घटना से पूरा समाज व्यथित है। ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और उन्हें हरसंभव सहयोग, सुरक्षा एवं संबल प्रदान करना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि मामले की सुनवाई समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए। साथ ही, अपराध और दोष सिद्ध होने पर प्रचलित कानून के प्रावधानों के अनुसार दोषियों को कठोरतम सजा दिलाई जाए। उन्होंने मृत्युदंड सहित अधिकतम दंड का प्रावधान लागू करने की मांग भी की।
दुबेला ने शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, सुरक्षा और आवश्यक कानूनी मदद उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन की तत्परता, न्याय व्यवस्था की प्रभावी कार्रवाई और समाज की एकजुटता जरूरी है।
अंत में दुबेला ने दिवंगत बालिका को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।