नीमच। जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा की युवा शंखनाद यात्रा का जोरदार आगाज हुआ। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रवि पाटीदार के नेतृत्व में निकाली गई यह यात्रा देवरान-सांगया खेड़ी माताजी से प्रारंभ हुई। इसके बाद यात्रा कुकड़ेश्वर और मनासा होते हुए शुक्रवार को नीमच पहुंची।
शहर के प्रमुख मार्गों से निकली यात्रा का समापन भाजपा जिला कार्यालय पर हुआ, जहां युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के तीनों विधायकों ने युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने संगठन की मजबूती, पार्टी की विचारधारा और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रवि पाटीदार ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवा शंखनाद यात्रा का मुख्य उद्देश्य सक्रिय और ऊर्जावान युवाओं को पार्टी से जोड़ना तथा उन्हें संगठन में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा जिले के प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर तक पहुंचकर संगठन का विस्तार करेगा। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए भी कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
रवि पाटीदार ने आगामी चुनावों में भाजपा का परचम बुलंद करने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता 24 घंटे संगठन के लिए समर्पित रहकर कार्य करेंगे। उन्होंने युवाओं से संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाने और पार्टी को मजबूत बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।