नीमच। आस्था, विश्वास और संकल्प की अनूठी मिसाल सामने आई है। चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक चंद्रभान सिंह की जीत की कामना लेकर बाबा महाकाल के दरबार में मन्नत मांगने वाले भाजपा कार्यकर्ता ने मन्नत पूरी होने पर उज्जैन तक पैदल यात्रा शुरू की है।
राजस्थान के भदेसर निवासी भाजपा कार्यकर्ता कन्हैयालाल तुसावड़ा ने विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की जीत के लिए बाबा महाकाल से मन्नत मांगी थी। जीत के बाद संकल्प पूरा करने के लिए कन्हैयालाल अपने तीन साथियों के साथ रविवार सुबह भदेसर से उज्जैन के लिए पैदल रवाना हुए।
पैदल यात्रा के दौरान सोमवार को चारों यात्री नीमच पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। इसी क्रम में सभी यात्री विधायक दिलीप सिंह परिहार के निवास पर पहुंचे, जहां विधायक ने उनका फूलमालाओं से आत्मीय स्वागत किया।
विधायक परिहार ने यात्रियों के संकल्प और श्रद्धा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद चारों यात्री बाबा महाकाल के दर्शन करने और अपनी मन्नत पूरी करने के उद्देश्य से उज्जैन की ओर रवाना हो गए।