मंदसौर। मंदसौर में 90 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो डोडाचूरा के साथ पकड़े गए तस्करों को मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वाला मुख्य सप्लायर अप्पी उर्फ अफरीद भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। शुक्रवार को नई आबादी थाना पुलिस ने उसे इंद्रा कॉलोनी स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस इससे पहले मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नई आबादी थाना पुलिस ने भालोट फंटे पर घेराबंदी कर सफेद रंग की टाटा टियागो कार को रोका था। तलाशी के दौरान कार से 90 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने कार सवार खानपुरा निवासी वसीम उर्फ गोलू (24) और जावरा निवासी मोहम्मद शब्बीर उर्फ शाहनवाज (26) को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि मादक पदार्थों की यह खेप मंदसौर बायपास पर जोधपुर निवासी विक्रम सिंह (32) और गणपत राम (32) को देने जा रहे थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया सप्लायर का नाम-
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा इंद्रा कॉलोनी की झुग्गी बस्ती में रहने वाला अप्पी उर्फ अफरीद उपलब्ध कराता था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को पुलिस ने दबिश देकर उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
14.35 लाख रुपये का मश्रूका जब्त-
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 90 ग्राम एमडी ड्रग्स, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख रुपये, 5 किलो डोडाचूरा जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये, तस्करी में इस्तेमाल टाटा टियागो कार कीमत 5 लाख रुपये और दो मोबाइल फोन कीमत करीब 25 हजार रुपये जब्त किए हैं। जब्त मश्रूका की कुल कीमत लगभग 14.35 लाख रुपये बताई गई है।
इस मामले में अपराध क्रमांक 220/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 22 और 29 में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।