मंदसौर। सुशासन सप्ताह के अंतर्गत ग्राम चौपाल गरोठ तहसील के ग्राम खड़ावदा एवं भानपुरा तहसील के ग्राम कवला में आयोजित की गई। चौपाल के माध्यम से प्रशासन गांव की और पहुंचा तथा वहां पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनी तथा उनका निराकरण किया। चौपाल के दौरान खाद समस्या, सरकारी उचित मूल्य की दुकान, आंगनवाड़ी केंद्र, स्कूल में मध्यान भोजन, आयुष्मान कार्ड, पेंशन व्यवस्था, पीएम आवास, बीपीएल कार्ड, राजस्व विभाग आदि विभागो के बारे में बताया। कलेक्टर ने इन विभागों से अगर कोई काम नहीं हो रहा या कोई समस्याएं हो तो वह भी ग्रामीण जनों से पूछी।
ग्राम चौपाल खड़ावदा में ग्रामीण जनों द्वारा बताया गया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर उपस्थित नहीं रहते हैं। यहां पर डॉक्टर की पदस्थापना 3 वर्ष पहले से कर दी गई थी, लेकिन यहां पर डॉक्टर नहीं आते। ग्रामीण जनों का कहना था कि डॉक्टर को भी आज हमने पहली बार देखा। इस पर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि डॉक्टर को खड़ावदा केंद्र पर नियमित पदस्थ करें।
ग्राम खड़ावदा में माध्यमिक स्कूल में मध्यान्ह भोजन बनाने के दौरान साफ सफाई न होने की समस्या भी ग्रामीण जनों द्वारा बताई गई। गांव बरावदा में आंगनवाड़ी केंद्र नहीं होने की समस्या कलेक्टर को बताई गई। जिस पर कलेक्टर ने महिला बाल विकास अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि स्वीकृति के बाद आंगनवाड़ी केंद्र प्रारंभ करें, लेकिन वर्तमान में एक सहायिका की नियुक्ति करें। ग्राम कवला की चौपाल में ग्रामीण जनों के द्वारा मजरा गांव में सड़क बनाने की मांग की।