रतलाम। राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस का आयोजन जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई के मुख्य आतिथ्य, जिला उपभोक्ता आयोग सदस्य जयमाला संघवी की अध्यक्षता तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष रुक्मणी बाई के विशेष आतिथ्य में जनपद पंचायत सभागृह जावरा में किया गया। 24 दिसम्बर को आयोजित कार्यक्रम में संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी लगाई गई।
कार्यक्रम में जयमाला संघवी ने कहा कि आजकल उपभोक्ता आनलाईन वस्तुएं बुलवाते हैं, जिसमें सावधानी रखी जाना आवश्यक है। पीडित उपभोक्ता ई-दाखिला के माध्यम से आनलाईन पर उपभोक्ता आयोग में आवेदन कर सकते हैं। संघवी द्वारा आयोजन की थीम पर विस्तार से जानकारी दी गई।‘उपभोक्ता आयोगों में प्रकरणों का प्रभावी निराकरण’ कार्यक्रम के अन्तर्गत सहायक नियंत्रक नापतौल नसीमउद्दीन द्वारा उपभोक्ताओं को नापतौल के संबंध में बताया कि उपभोक्ता ठगी से किस प्रकार बच सकते हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल ने उपभोक्ताओं को खाद्य सुरक्षा अधिनियम, मिलावट से बचने तथा खाद्य वस्तुएं खरीदते समय आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
सुरेन्द्रसिंह पुरोहित ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 पर प्रकाश डाला। स्वागत उद्बोधन जिला आपूर्ति अधिकारी एस.एच. चौधरी ने दिया। संचालन विवेक नागर ने किया तथा आभार कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी जावरा प्रेम कुमार अहिरवार ने माना।