नीमच। जिले के संविदा स्वास्थ्य अधिकारियों कर्मचारियों की हड़ताल 12 वें दिन भी जारी है। 11 दिन लगातार हड़ताल के बावजूद सरकार की ओर से संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को कोई सकारात्मक जवाब नही मिला है।
आज संविदा कर्मचारियों ने धरना स्थल से रैली निकाली। जो जिला अस्पताल चौराहे से मुख्य मार्गों से होते हुए निकली। रैली के दौरान संविदा कर्मचारियों ने जगह जगह रुक कर सांकेतिक रूप से संविदा झाड़ू लगाई। मकसद यह रहा कि संविदा एक अभिशाप है।
संविदा कर्मचारियों का कहना है कि 15 से 20 वर्षों से हम इसे भुगत रहे हैं, अब इसकी सफाई करने का वक्त आ गया है। आने वाली पीढ़ी को इसका दंश न झेलना पड़े, इसलिए हम हड़ताल कर सरकार को जगाने का प्रयास कर रहे हैं।
गत दिनों आंदोलन के दौरान हृदय गति रुक जाने से मंडला जिले के नोगांव की एएनएम उर्मिला पाटले का निधन हो गया था, जो कि बहुत ही कम वेतन पर कार्यरत थी। संविदा कर्मियों ने धरना स्थल पर उन्हें श्रधांजलि अर्पित की। जैसा की विदित है पूरे प्रदेश के साथ साथ नीमच में भी स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी अपनी 2 सूत्रीय मांगो को लेकर लगातार हड़ताल पर है। यदि यह हड़ताल अनवरत चलती है तो आगामी दिनों में स्वास्थ्य व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।