गरोठ। श्री शिव नारायण उदिया शासकीय महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों द्वारा राष्ट्रीय युवा नीति के उपलक्ष्य में रैली का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य नंदकिशोर धनोतिया और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ अशोक बैरागी एबी द्वारा किया गया। जिसमें महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक उपस्थित और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
रैली का शुभारंभ गरोठ महाविद्यालय से किया गया और संपूर्ण गरोठ नगर में भ्रमण करते हुए स्वयंसेवक पुनः महाविद्यालय पहुंचे। इस अवसर पर शिवनारायण उदिया शासकीय महाविद्यालय में शिकायत पेटी का शुभारंभ किया गया और छात्रों को जागरुक किया गया। छात्र अपनी समस्याओं का समाधान शिकायत पेटी के माध्यम से कर सकते हैं।
युवा नीति के संबंध में छात्रों को संबोधित करते हुए कार्यक्रम अधिकारी डॉ अशोक बैरागी एबी ने स्वयंसेवकों को बताया कि राष्ट्र के निर्माण में युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान होता है। बिना युवाओं के राष्ट्र का विकास संभव नहीं है। इसलिए मध्यप्रदेश शासन के इस आयोजन के द्वारा राष्ट्रीय युवा नीति का निर्माण किया जा रहा है, जो मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए, प्रदेश के लिए एवं जन जन के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इस नीति के माध्यम से युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर पाएंगे और देश के उत्थान में अपना योगदान दे पाएंगे। उन्होंने आगे बताया कि राष्ट्रीय युवा नीति बन जाने से देश का ही नहीं बल्कि संपूर्ण भारत का चहुंमुखी विकास होगा।