आगर मालवा। मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्तमान परिप्रेक्ष्य में युवाओं के लिए नवीन युवा नीति निर्माण का निर्णय लिया गया। जिले के अग्रणी शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय आगर मालवा की प्राचार्य डॉ रेखा गुप्ता ने आज युवाओं को युवा नीति के संदर्भ में जानकारी देते हुए युवाओं को अपने सुझाव प्रस्तुत करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करते हुए जागरुकता रैली का उद्घाटन किया, जिसमें विद्यार्थियों ने जन जागरूकता हेतु रैली निकाली जो कि महाविद्यालय से कलेक्टर कार्यालय होते हुए छावनी नाके तक निकाली गई। इसमें विद्यार्थियों ने युवा नीति निर्माण हेतु जन जागरूकता और युवा नीति पर नारे लगाते हुए आमजन को जागरूक करने का प्रयास किया। रैली में विद्यार्थियों ने लोगों को बताया कि युवा नीति निर्माण में महाविद्यालय के युवा अपने सुझाव लिखित में महाविद्यालय की सुझाव पेटियों में एवं कार्यालय आयुक्त उच्च शिक्षा सतपुड़ा भवन भोपाल में स्थापित कंट्रोल रूम के दूरभाष पर दे सकते हैं। युवा नीति निर्माण से सम्बंधित शासन की नीतियों के व्यापक प्रचार प्रसार हेतु रैली में महाविद्यालय की प्राचार्य के साथ डॉ आशा सिसोदिया, डॉ हेमलता पारस, डॉ विक्रम मालवीय राजशेखर क्लोसिया एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। जानकारी कार्यक्रम के नोडल सहायक प्राध्यापक डॉ राकेश परमार ने दी।