नीमच। जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण आहार, टीएचआर (टेकहोम राशन) वितरण की पंजी अनिवार्य रूप से संधारित करवाना सुनिश्चित करें अन्यथा संबंधित सुपरवाईजरों के विरूद्ध कार्यवाही की जावेगी। गत दिनों आंगनवाडी केंद्रों के निरीक्षण दौरान अनियमितता पाये जाने पर संबंधित सुपरवाईजरों को नोटिस जारी कर कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। यह निर्देश कलेक्टर मयंक अग्रवाल ने समय सीमा पत्रों के निराकरण की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को दिए। बैठक में एडीएम नेहा मीना, जिला पंचायत सीईओ गुरूप्रसाद एवं अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना , लाड़ली लक्ष्मी योजना की प्रगति की समीक्षा के दौरान इन योजनाओं में ओर भी तेजी से प्रगति लाने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर अग्रवाल ने निर्देश दिए कि शासकीय उचित मूल्य दुकानों से पीओएस के माध्यम से खाद्यान्न वितरण करते समय यदि कही किसी उपभोक्ता को खाद्यान्न वितरण की पर्ची प्रदान नहीं की जावेगी, तो संबंधित दुकान संचालक के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जावेगी। कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया, कि वे सभी राशन दुकानों से उपभोक्ताओ को खाद्यान्न के साथ ही वितरण पर्ची भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे ग्राम स्तर पर आरोग्य केंद्रों तक आवश्यक दवाईयों की उपलब्धता तत्काल सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आगनवाडी केंद्रों में दर्ज गर्भवती महिलाओ को दवाईयों का वितरण ए.एन.एम. के माध्यम से ही किया जावे। उन्होने श्रमयोगी मानधन योजना के तहत निजी उद्योग में कार्यरत श्रमिकों के पंजीयन के लिए विशेष शिविर आयोजित कर, पंजीयन करवाने के निर्देश श्रमपदाधिकारी को दिए। बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाईन की शिकायतों की एक-एक कर समीक्षा की और शिकायतों का संतुष्टी के साथ निराकरण करवाने के निर्देश सभी बीएमओ तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए।