खरगोन। कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने निर्देशों पर मंगलवार को एसडीएम खरगोन द्वारा शहर के भीतर विभिन्न स्थानों पर गिट्टी, रेत और एम सेंड के अवैध स्टॉक के ठिकानों पर कार्यवाही की गई। इस संबंध में खनिज अधिकारी सावन चौहान ने बताया कि एसडीएम सिंह के निर्देशन में सुबह से शहर के 5 स्थानों पर कुल 9 स्टॉक केंद्र पर कार्यवाही की गई है। उन्होंने बताया कि 5 स्थानों पर 2-2 अलग अलग स्टॉक करते हुए पाया गया है। इन स्थानों से अवैध रूप से किए गए स्टॉक को पीडब्ल्यूडी सर्किट हॉउस परिसर में एकत्रित किया जा रहा है। सुबह से अब तक करीब 15 डंपर रेत, 8 डंपर एम सेंड और 3 डंपर गिट्टी भंडारण केंद्र से उठाई गई है।
इन स्थानों पर पाया गया अवैध भंडारण-
खनिज अधिकारी ने कहा कि शहर के मांगरुल रोड पर दो स्थानों पर स्टॉक किया गया था। इसके अलावा आरती टॉकीज के पास, ज्योति नगर के सामने और बिस्टान नाके के पास 2-2 स्थानों पर तथा नहर के पास एक स्थान स्टॉक पाया गया था। अब आगे राजसात करने की कार्यवाही के लिए कलेक्टर कुमार को प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।
स्टॉक की कार्यवाही के बीच पकड़ी 3 हाइवा-
खनिज अधिकारी चौहान ने बताया कि जिस समय अवैध भंडारण पर कार्यवाही की जा रही थी। उसी समय सीतावल्लभ मार्केट से दो रेत से भरे बड़े हाइवा और एक स्टॉक के पास से हाइवा पकड़ा गया। एसडीएम सिंह ने 3 हाइवा जब्त कर आगे की कार्यवाही खनिज कार्यालय को सौंपी गई। जबकि अवैध भंडारण से खनिज संग्रहण करने की कार्यवाही चल रही है।