नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा इंदिरा नगर वार्ड क्रमांक 7 की पार्षद सुमित्रा मुकेश पोरवाल के निर्देशन में इंदिरा नगर के नालों का सफाई अभियान प्रारंभ किया गया है। कई सालों से जाम पड़े इन नालो की सुध ली जा रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा एवं स्वास्थ्य सभापति धर्मेश पुरोहित के मार्गदर्शन में शहर में लंबे समय से जाम पड़े नालों को नगरपालिका के जन सेवकों द्वारा सफाई अभियान चलाया गया। क्षेत्रीय दरोगा शिवपाचे एवं पार्षद प्रतिनिधि मुकेश पोरवाल की उपस्थिति में दिशा निर्देश में काम चल रहा है।
पोरवाल ने बताया कि सीवरेज लाइन का काम हो चुका है। अब अपने घरों का पानी सभी सीवरेज लाइन में छोड़े। नालों को सिर्फ बरसात के पानी के लिए रखा जावे। नालों में गंदगी ना फैलाएं, शहर सुंदर स्वस्थ रखने के लिए हम सबको प्रयत्न करना है। कचरा, कचरा गाड़ी में ही डालें ताकि वार्ड के साथ-साथ शहर भी सुंदर दिखाई दे। सुंदरता में हमें प्रथम स्थान पर आना है तो जनता का सहयोग बहुत अत्यावश्यक है।