उज्जैन। कलेक्टर आशीष सिंह ने आज टीएल बैठक लेकर जिले के सभी तहसीलदार एवं एसडीएम को निर्देश दिये हैं कि मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना में प्राप्त आवेदनों को अस्वीकृत करने का कारण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अंकित किया जाये, जिससे आवेदक को स्पष्ट हो सके कि उसका आवेदन क्यों रद्द किया गया है। कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को आवश्यकता अनुसार आवासीय बस्तियों को आबादी क्षेत्र घोषित करने की कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं। बैठक में नगर निगम आयुक्त रोशन सिंह, जिले के सभी एसडीएम एवं जिला अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री जन सेवा कार्यक्रम आगामी 4 जनवरी को आयोजित किया जायेगा। यह कार्यक्रम प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर होगा एवं जिला स्तर का कार्यक्रम भी ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित करने के निर्देश दिये गये हैं। कलेक्टर ने आयुष्मान योजना के तहत शेष रहे आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य को ग्राम पंचायतवार आगामी एक सप्ताह में पूर्ण करने के लिये कहा है। कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान नगरीय निकायों में आयुष्मान कार्ड बनाने की संख्या अधिक लम्बित होने के कारण खाद्य विभाग के साथ राशन वितरित करने के दौरान सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिये हैं। बैठक में धारण अधिकार के तहत की गई कार्यवाही की भी समीक्षा की गई तथा सभी लम्बित प्रकरणों को समय-सीमा में निराकृत करने के निर्देश दिये गये। कलेक्टर ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों को छह माह से अधिक लम्बित राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण भी आगामी 5 जनवरी तक करने के लिये कहा है।