मंदसौर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसान जिले में एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी आफ इंडिया लिमिटेड के माध्यम से अपनी रबी फसलों का बीमा 31 दिसंबर तक करा सकते हैं। ऋणी कृषकों को संबंधित वित्तीय संस्था के माध्यम से फसल बीमा किया जाएगा जबकि अऋणी कृषक संबंधित बैंक, सीएससी या पोस्ट ऑफिस के माध्यम से अपनी फसलों का बीमा करा सकते हैं। अऋणी कृषको के लिए बीमा कराने हेतु दस्तावेज भू अधिकार पुस्तिका या बी-1, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति तथा फसल बुवाई प्रमाण पत्र आवश्यक है।
फसल बीमा कराए जाने पर प्राकृतिक आग, आकाशीय बिजली गिरना, बादल फटना, तूफान, ओलावृष्टि, चक्रवात, भूस्खलन इत्यादि से फसल नुकसान होने पर किसान भाई फसल बीमा का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। फसल बीमा के संबंध में किसान एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड का टोल फ्री नंबर 18002337115 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल का बीमा कराने के लिए मंदसौर जिले हेतु पटवारी हल्का स्तर पर गेहूं सिंचित के लिए प्रीमियम राशि 810, असिंचित के लिए प्रीमियम राशि 390, चना के लिए 574.50, राई सरसों के लिए 480, अलसी 525, मसुर 450 के लिए प्रीमियम निर्धारित किया गया है। सभी किसान भाई फसल बीमा का लाभ अवश्य लें।